हिसार: पूर्व सांसद के गो-भक्त पिता नंद किशोर गोयनका पंचतत्व में विलीन
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत अनेक मंत्री,
उद्योगपति, संत, समाजसेवी व हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई
हिसार, 15 जुलाई (हि.स.)। गो-सेवा, समाज सेवा
और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रखर संवाहक नंद किशोर गोयनका बुधवार को पंचतत्व में
विलीन हो गए। उनकी अंतिम यात्रा हिसार श्री वैष्णव गौशाला से अग्रोहा धाम स्थित गोयनका
उद्यान तक पूरे श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ निकाली गई। अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि नंद किशोर गोयनका केवल एक परिवार का नाम नहीं, बल्कि
समाज के लिए प्रेरणा का पर्याय थे।
हिसार स्थित गोयनका हाउस में बुधवार सुबह अंतिम
दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इसके बाद वैष्णव गौशाला से विशेष रूप
से सुसज्जित रथ पर उनकी अंतिम यात्रा आरंभ हुई। हिसार से अग्रोहा तक मार्ग के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें
अंतिम विदाई दी। परिवार की ओर से एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा, जवाहर
गोयनका, लक्ष्मी नारायण गोयनका, अशोक गोयनका सहित परिवार के अन्य सदस्य यात्रा के दौरान
मौजूद रहे। शोक की इस घड़ी में परिवार के साथ देशभर से पहुंचे शुभचिंतक भी लगातार उनके
साथ रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर,
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा,
पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला,
आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश तथा पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. डी.पी. वत्स सहित अनेक जनप्रतिनिधि
मौजूद रहे। इसके अलावा देशभर से अनेक उद्योगपति, फिल्म जगत से जुड़े प्रतिष्ठित लोग,
संत-महात्मा, समाजसेवी, गौभक्त, शिक्षाविद, व्यापारी, ग्रामीण तथा विभिन्न सामाजिक
एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। हजारों लोगों की
उपस्थिति ने नंद किशोर गोयनका के प्रति समाज के गहरे सम्मान और उनके व्यापक सामाजिक
प्रभाव को दर्शाया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

