home page

152 डी पर मिला महिला का नग्न शव, हत्या की आशंका

 | 

मृतका की नहीं हो पाई शिनाख्त, पुलिस ने शव पीजीआई भेजा

रोहतक, 14 मई (हि.स.)। कलानौर थाना के अंतर्गत 152 डी के पास झाडियों में पुलिस को एक महिला का नग्न शव पड़ा हुआ मिला है। पुलिस ने महिला की हत्या की आशंका जताई है और मौके पर मौजूद लोगों के ब्यान दर्ज कर शव को पीजीआई भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अभी महिला के शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। यह भी हो सकता है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई हो और शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से यहां पर फेंका गया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर को राहगीरों ने 152 डी के समीप झाडियों में एक महिला का शव पड़ा देखा। सूचना पाकर कलानौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। सीन ऑफ क्राईम की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। कलानौर थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

152 डी पर मिला महिला का शव बुरी तरह से काला पड़ चुका है। पुलिस का मानना है कि हत्या करीब चार दिन पहले की गई है। एफएसएल एक्सपर्ट ने भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया और सबूत जुटाएं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

--------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल