सोनीपत में दिल्ली ब्रांच नहर से युवक का नग्न शव मिला
सोनीपत, 16 मई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के गांव बड़वासनी के पास दिल्ली ब्रांच नहर में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की शिनाख्त नहीं हाे सकी है। नहर में शव बहता दिखाई देने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना
मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले
लिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
पुलिस
के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के कपड़े नहीं मिले, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध
माना जा रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान
में रखकर कार्रवाई कर रही है। पहचान नहीं होने के कारण आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों
का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। साथ ही शव की फोटो और हुलिये के आधार पर पहचान करवाने
का प्रयास भी जारी है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति की हत्या कर
शव को नहर में फेंका गया या उसने खुद नहर में छलांग लगाई।
पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मामले की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।
हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच जारी है। शव को
कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा। रिपोर्ट
आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

