सोनीपत: युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर माई भारत की बैठक में जोर
सोनीपत, 22 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
में माई भारत सोनीपत द्वारा जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की
अध्यक्षता मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट सिमरन ने की। बैठक में युवाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण
विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक
का मुख्य एजेंडा वीबीवाईएलडी-2027 क्विज, माई भारत नोडल अधिकारियों के नामांकन तथा
नोडल अधिकारियों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने से संबंधित रहा। सिटी मजिस्ट्रेट सिमरन ने
युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा माई भारत की गतिविधियों को प्रभावी
ढंग से क्रियान्वित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, माई भारत अंजलि
चौधरी ने समिति के सदस्यों को माई भारत पोर्टल की गतिविधियों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध
अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माई भारत पोर्टल युवाओं को विभिन्न
युवा-केंद्रित कार्यक्रमों, गतिविधियों और अवसरों से जुड़ने का मंच प्रदान कर रहा है।
उन्होंने समिति के सदस्यों से आह्वान किया कि वे इन अवसरों की जानकारी अधिक से अधिक
युवाओं तक पहुंचाएं। बैठक
में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, विभिन्न युवा कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार
तथा जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत से जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श किया
गया। माई भारत सोनीपत द्वारा युवाओं को विभिन्न अवसरों से जोड़ने और उनकी सक्रिय सहभागिता
सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

