home page

यमुनानगर: पत्नी से छेड़छाड़ के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

 | 
यमुनानगर: पत्नी से छेड़छाड़ के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या


यमुनानगर, 16 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव नत्थनपुर में पत्नी से छेड़छाड़ के संदेह को लेकर 30 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर दो आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी आकिल के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों का पिता था और पिछले लगभग डेढ़ माह से नत्थनपुर स्थित एक केसीसी प्लांट में जेसीबी ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। नौकरी के कारण वह प्लांट के निकट किराये के कमरे में रह रहा था।

मृतक के चचेरे भाई एवं पूर्व सरपंच मुशर्रफ ने आरोप लगाया कि प्लांट के समीप रहने वाले अनिल को अपनी पत्नी को लेकर आकिल पर संदेह था। उनका कहना है कि महिला अक्सर प्लांट परिसर में बकरियां चराने आती थी, जिसे लेकर आकिल उसे कई बार वहां आने से मना करता था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगा।

शिकायत के अनुसार आरोपी अनिल अपनी पत्नी और अन्य लोगों के साथ आकिल के कमरे पर पहुंचा। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे जबरन अपने कमरे में ले जाकर लंबे समय तक बेरहमी से पीटा गया। कुछ देर बाद जब प्लांट के अन्य कर्मचारी उसे वहां से बाहर लेकर आए, तब उसकी हालत अत्यंत गंभीर थी। पानी पिलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने वहीं दम तोड़ दिया।

छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि मामले में अनिल पुजारी और उसके भाई के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार