सिरसा: पांच सौ रुपये के विवाद में युवक की हत्या
सिरसा, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले क्षेत्र में पांच सौ रुपये के विवाद को लेकर एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी दूसरे भाई को भी जान से मारने की धमकी देकर हमलावर ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही 15-20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक युवक का अंतिम संस्कार न करने पर अड़े हैं।
गांव छतरियां निवासी अशोक कुमार रविवार शाम को अपने भाई मुकेश व ताऊ के साथ खेत में चारा काटने गया था। इसी दौरान 15-20 लोग पहुंचे और अशोक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। परिजन घायल को बड़ागुढ़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे सिरसा के जिला नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। इलाज के दौरान अशोक ने रविवार रात को दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने सरेआम हमला किया और वे अशोक को जान से मारने की नीयत से आए थे।
हमलावर अशोक को अधमरा कर मौके से फरार हो गए। पास के खेत में काम कर रहे अशोक के चचेरे भाई ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिस पर वे मौके पर पहुंचे और सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। मुकेश व उसके ताऊ ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी मुकेश को भी जान से मारने की धमकी दे गए।
बताया जा रहा है कि एक साल पहले साहब राम व अशोक का झगड़ा हुआ था। खेत पड़ोसी साहबराम ने अशोक व उसके भाई मुकेश पर 500 रुपये उठाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन साहबराम ने रंजिश पाले रखी। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे अशोक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

