पानीपत: घर में घुसकर दोस्त की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
पानीपत, 08 मई (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने पूजा विहार कॉलोनी निवासी शिवकुमार की हत्या के आरोपी साहिल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने शिव कुमार की हत्या करना स्वीकार किया है। थाना माडल टाउन प्रभारी जगमिंद्र ने शुक्रवार काे बताया कि किशन नामक युवक की शिकायत पर साहिल के खिलाफ़ मामला दर्ज किया गया था। गुरुवार की देर शाम को मिली सूचना पर दबिश देकर आरोपी साहिल को दिल्ली पैरलल नहर बाईपास पर एनएफएल नाका के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने शिव कुमार की हत्या करना स्वीकार किया है।
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसकी कुछ दिन पहले शिव कुमार के साथ बैठकर शराब पीते समय किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। तब शिव कुमार ने उसके साथ मारपीट व गाली गलौच की थी। इसके बाद से ही वह शिव कुमार से रंजिश रखने लगा। पांच मई को शिव कुमार घर के बाहर ई रिक्शा में बैठकर शराब पी रहा था और वह पास में बैठा हुआ था। नशा होने पर शिव कुमार उसको गाली गलौच करने लगा तो वह अपने घर चला गया। कुछ देर बाद वह घर से लोहे की सब्बल लेकर शिव कुमार के घर गया और अंदर बैड पर बैठे शिव कुमार के सिर पर पीछे से सब्बल से ताबड़ तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी साहिल को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

