home page

यमुनानगर में युवक की हत्या का आराेपी चाचा गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर में युवक की हत्या का आराेपी चाचा गिरफ्तार


यमुनानगर, 05 मई (हि.स.)। यमुनानगर के हमीदा क्षेत्र में हुए हत्या के मामलेे में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चौकी हमीदा की टीम ने कार्रवाई करते हुए मृतक मेहंदी हसन के चाचा कुरबान अली को हिरासत में लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुराना हमीदा निवासी जब्बार हसन की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत में कहा गया कि परिवार के सदस्यों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि कुरबान अली और उसके परिजन मेहंदी हसन के साथ लगातार दुर्व्यवहार कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, घटना की रात मेहंदी हसन पारिवारिक बैठक स्थल पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और कहासुनी शुरू हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति शांत कराई, लेकिन कुछ समय बाद जब मेहंदी हसन घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मुख्य आरोपी कुरबान अली को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी मृतक का चाचा है। जांच अधिकारी के अनुसार, रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार