home page

फतेहाबाद : हत्या के आरोपियों का मुंडन करके बाजार में घुमाया

 | 
फतेहाबाद : हत्या के आरोपियों का मुंडन करके बाजार में घुमाया


फतेहाबाद, 05 जून (हि.स.)।

फतेहाबाद जिले के भूना में युवक के मर्डर के आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार शाम को बाजार में घुमाया। इन हत्यारोपियों में खैरी चौक निवासी मिचु, भूना निवासी कारु, बिल्ला, चिड़ीमार तथा अमन शामिल है।

इन आरोपियों के भांभू गैंग से जुड़े होने का आरोप है। इन पांच में से तीन आरोपियों का पहले मुंडन करवाया गया। बाद में कस्बे के सभी मुख्य बाजारों में घुमाकर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि आम लोगों में इन का खौफ खत्म करने के लिए यह जरूरी था।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार रात को भूना निवासी युवक सचिन की तेजधार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। बाइक पर जा रहे सचिन को घेरकर उसके साथ मारपीट की गई।

इसके बाद आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। हमलावरों ने उस पर गाड़ी भी चढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। सभी पांचों आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।

दरअसल, भूना के वार्ड नंबर 5 निवासी राजबीर सिंह का छोटा बेटा सचिन कुमार एक महीना पहले गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा था। 27 मई को वह अपने भतीजे के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर लौटा था। 3 जून को उसे वापस गुरुग्राम जाना था। इससे पहले 2 जून की रात को उसका मर्डर कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा