home page

यमुनानगर: जमानत पर आए हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला,जांच में जुटी पुलिस

 | 
यमुनानगर: जमानत पर आए हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला,जांच में जुटी पुलिस


यमुनानगर, 24 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर में हुए वर्ष 2025 के चर्चित हत्याकांड के एक आरोपी पर शुक्रवार शाम यमुनानगर शहर में कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो नामजद तथा तीन अज्ञात युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

गोविंदपुरा निवासी विशेष कंबोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुवार की रात को टीचर कॉलोनी स्थित शनि मंदिर के निकट पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसके सामने आकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि वाहन से उतरे सेक्टर-17 हुडा, जगाधरी निवासी शुभम गर्ग, उसके साथी मनी तथा तीन अन्य युवकों ने उस पर हमला कर दिया।

शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने विषंक हत्याकांड का उल्लेख करते हुए लकड़ी के डंडों और लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की।

घटना में विशेष के पैर में फ्रैक्चर होने के साथ चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सीय परीक्षण के दौरान पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने चेहरे पर लगी चोटों के मद्देनजर विशेषज्ञ जांच की भी सलाह दी है।

पुलिस के अनुसार, घायल विशेष कांबोज जनवरी 2025 के चर्चित विषंक हत्याकांड का आरोपी है और लगभग तीन माह पूर्व जमानत पर जेल से बाहर आया था। उस मामले में पुलिस ने जांच के बाद विशेष तथा एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था।

सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुभम गर्ग, मनी और तीन अन्य आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है तथा घटना के कारणों और हत्याकांड से संभावित संबंध की भी गहन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार