home page

हरियाणा में नगर पालिका व फायर कर्मचारियों ने चार दिन बढ़ाई हड़ताल

 | 
हरियाणा में नगर पालिका व फायर कर्मचारियों ने चार दिन बढ़ाई हड़ताल


15 अगस्त तक सरकार ने स्वीकृत समझौते के तहत मांग पूरी नहीं की तो अनिश्चितकाल के लिए होगी हड़ताल

रोहतक, 11 अगस्त (हि.स.)। नगर पालिका व फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने सरकार पर वायदा खिलाफी का आरोप लगाते हुए 15 अगस्त तक हड़ताल को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। साथ ही सरकार को चेतावनी भी दी है कि अगर 15 अगस्त तक स्वीकृत समझौते के तहत मांगों को पूरा नहीं किया गया तो प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाकर हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए कर दिया जाएगा। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण शहर में पूरी तरह से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। शहर में जगह जगह कूडे के ढेर लगे हुए है, जिससे बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है और लोगों को काफी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रधान राजिन्दर सिन्द ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के सफाई एवं फायर कर्मचारियों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि 13 मई की वार्ता में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, फायर विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता एवं पक्की नौकरी, फायर विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों एवं फायरमैनों को पक्का करने तथा वर्दी भत्ता सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बाद में 22 मई को माननीय उच्च न्यायालय में दिए गए शपथ पत्र में पूर्व में मानी गई मांगों से इनकार कर दिया। सरकार के इस रवैये से कर्मचारियों एवं आम जनता में सरकार के प्रति विश्वास समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से चल रही हड़ताल को चार दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया गया, अगर 15 अगस्त तक सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी तो हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए कर दिया जाएगा। इस अवसर पर रमेश तुषामड, राजीव खत्री, शिवचरण, सुखदेव सिंह, रिंकु कुमार, अजय श्योराण, अरुण, सोनू हुड्डा, रमेश पहल, रणबीर, विनोद कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल