हिसार : योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ें : सावित्री जिंदल
हिसार, 06 जून (हि.स.)। वार्ड-13 स्थित
हुडा पार्क, अर्बन एस्टेट-2, हिसार में पतंजलि परिवार हिसार एवं अग्रवाल सेवा समिति,
अर्बन एस्टेट-2 के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर
में हिसार की विधायक सावित्री जिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। योग शिविर
में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास कर स्वास्थ्य
के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर सावित्री जिंदल ने शनिवार काे कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर
है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा जीवन को संतुलित बनाने का सर्वोत्तम माध्यम
है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि
मानसिक तनाव भी कम होता है और व्यक्ति सकारात्मक जीवनशैली की ओर अग्रसर होता है। उनके
प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ एवं निरोग जीवन अपनाने के लिए प्रेरित
किया।
इस अवसर पर वार्ड-13 के पार्षद एवं अग्रवाल सेवा समिति अर्बन एस्टेट-2 के प्रधान
संजय डालमिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के लिए भविष्य में
भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सावित्री जिंदल ने पतंजलि परिवार हिसार, अग्रवाल
सेवा समिति, अर्बन एस्टेट-2 तथा सभी सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने
समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

