हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने नैसकॉम के साथ किया एमओयू, सभी विभागों के विद्यार्थी उठाएंगे लाभ
फ्यूचरस्किल्स प्राइम
प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल कौशल और रोजगार क्षमता सुदृढ़ करने का प्रयास
हिसार, 14 मई (हि.स.)।
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर
एंड सर्विस कंपनीज (नैसकाॅम) के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर
किए हैं। इसके तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ‘फ्यूचरस्किल्स
प्राइम’ प्लेटफॉर्म तक पहुंच प्रदान की जाएगी। यह नैसकॉम और भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स
एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मीटी) की एक डिजिटल स्किलिंग पहल है, जिसका उद्देश्य
भारत को डिजिटल प्रतिभा संपन्न राष्ट्र बनाना है।
यह सहयोग शिक्षा
जगत और उद्योग के बीच की दूरी को कम करने, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उद्योग की
आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल, व्यावहारिक अनुभव तथा मान्यता प्राप्त प्रमाणन उपलब्ध कराने
की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय के सभी विभागों के विद्यार्थी इस
पहल का लाभ उठा सकेंगे।
एमओयू पर गुजविप्रौवि
की ओर से कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई तथा नैसकॉम की ओर से लीड-एकेडेमिया एंड गवर्नमेंट
रिलेशंस एंड एम्प्लॉयबिलिटी श्रीमती प्रियंका बिष्ट ने नैसकाॅम की सीईओ सुश्री अभिलाषा
गौड़ की ओर से हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार,
डीन फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी प्रो. एचसी गर्ग, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स
प्रो. ओपी सांगवान, एसोसिएट डीन इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. प्रियंका, प्लेसमेंट निदेशक
डॉ. प्रताप सिंह व सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह तथा नैसकॉम एसएससी के सीनियर एसोसिएट
नितेश कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलपति
प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने गुरुवार काे कहा कि गुजविप्रौवि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे उनकी रोजगार क्षमता
बढ़े और वे तेजी से बदलते व्यावसायिक परिवेश के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि
नैसकॉम के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों और शिक्षकों को भविष्य उन्मुख डिजिटल कौशल अर्जित
करने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। डीन इंटरनेशनल अफेयर्स
प्रो. ओपी सांगवान ने कहा कि आज के वैश्विक प्रतिस्पर्धी वातावरण में डिजिटल दक्षताएं
अत्यंत आवश्यक हैं और यह पहल विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा, शोध एवं अंतरराष्ट्रीय
करियर अवसरों को सशक्त बनाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

