home page

सिरसा: जिले की 112 पंचायतें संभालेंगी अपने गांव की पेयजल आपूर्ति की कमान

 | 

सिरसा, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पहल को सकारात्मक परिणाम मिले हैं। विभाग द्वारा शुरू किए गए अभियान के तहत जिले की 112 ग्राम पंचायतों ने अपने-अपने गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी स्वयं संभालने के लिए विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए हैं। इससे ग्रामीण जल प्रबंधन में जनभागीदारी को नई मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर पेयजल सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि अभियान के तहत केवल 15 ग्राम पंचायतों को इस व्यवस्था से जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सतत प्रयास, फील्ड स्तर पर की गई जागरूकता गतिविधियों तथा सरपंचों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के सकारात्मक सहयोग के परिणामस्वरूप लक्ष्य से कहीं अधिक 112 ग्राम पंचायतों ने स्वेच्छा से एमओयू किए हैं।

विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था के लागू होने से ग्राम पंचायतें अपने क्षेत्र की पेयजल योजनाओं के संचालन, नियमित रखरखाव, छोटी-मोटी मरम्मत, जल वितरण तथा उपभोक्ताओं से जुड़े स्थानीय मुद्दों का समाधान स्वयं कर सकेंगी। इससे किसी भी खराबी के समाधान में लगने वाला समय कम होगा, योजनाओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित होगा और ग्रामीणों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इससे जिले में पेयजल प्रबंधन का एक ऐसा मॉडल विकसित होगा, जिसमें स्थानीय समुदाय की भागीदारी के साथ योजनाओं का संचालन अधिक प्रभावी और स्थायी रूप से किया जा सकेगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सिरसा मंडल के कार्यकारी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि विभाग ने 112 पंचायतों के साथ एमओयू किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma