home page

सिरसा: सीडीएलयू और वियतनाम के ह्यू विश्वविद्यालय के बीच एमओयू

 | 
सिरसा: सीडीएलयू और वियतनाम के ह्यू विश्वविद्यालय के बीच एमओयू


सिरसा, 22 सितंबर (हि.स.)। चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा (सीडीएलयू) और वियतनाम के प्रतिष्ठित ह्यू विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार काे समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि भौगोलिक दूरी के बावजूद तकनीक ने दोनों विश्वविद्यालयों को एक मंच पर जोड़ा है। उन्होंन कहा कि ह्यू विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी को औपचारिक रूप देना सीडीएलयू के लिए गौरव का विषय है। कुलपति ने कहा कि यह एमओयू दोनों विश्वविद्यालयों के बीच संकाय सहयोग, संयुक्त शोध एवं विचारों के आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त करेगा और विदेशों के विश्वविद्यालयों के साथ सीडीएलयू के अंतरराष्ट्रीय अकादमिक संबंधों को और मजबूत करेगा। प्रो. विजय कुमार ने कहा कि आने वाले समय में यह साझेदारी वास्तविक विद्यार्थी एवं शिक्षक आदान-प्रदान, संयुक्त शोध परियोजनाओं तथा साझा अकादमिक गतिविधियों में परिवर्तित होगी। उन्होंने ह्यू विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों का विश्वास एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए दोनों संस्थानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ह्यू विश्वविद्यालय, वियतनाम के अध्यक्ष प्रो. नगुयेन वु क्वोक ह्यू ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के साथ एमओयू पर खुशी जाहिर बताया कि ह्यू विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 1957 में हुई थी और यह वियतनाम के पुराने एवं प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में शामिल है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय भारत का पहला विश्वविद्यालय है, जिसके साथ ह्यू विश्वविद्यालय ने इस प्रकार का शैक्षणिक समझौता किया है। उन्होंने इस साझेदारी को दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक एवं शोध सहयोग के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।

एमओयू के तहत दोनों विश्वविद्यालय सक्षम निकायों की स्वीकृति के अधीन संयुक्त पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक कार्यक्रम विकसित करने, क्रेडिट का आदान-प्रदान करने, स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों का अध्ययन एवं शोध के लिए आदान-प्रदान करने तथा प्राध्यापकों एवं शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान को बढ़ावा देंगे। इसके अलावा व्याख्यान, अकादमिक चर्चाओं, शोध गतिविधियों, संयुक्त सम्मेलनों, सेमिनारों एवं कार्यशालाओं तथा संयुक्त ग्रीष्मकालीन कार्यक्रमों के आयोजन की संभावनाओं को भी बढ़ाया जाएगा। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सूचनाओं, पुस्तकालय सामग्री एवं शोध प्रकाशनों के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma