home page

सिरसा: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

 | 

सिरसा, 09 जुलाई (हि.स.)। एक सडक़ हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मृतक युवक की पहचान जिले के गांव भीमां निवासी बलविंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। गांव भीमां निवासी बलविंद्र सिंह अपने साथी मिठू सिंह व बलजीत सिंह के साथ गांव पंजुआना से गांव लौट रहा था। बुधवार रात गांव गुड़ा रजवाहा पुल के निकट एक बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार तीनों घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने बलविंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि मिठू सिंह व बलजीत सिंह का उपचार किया जा रहा है। सिरसा के नागरिक अस्पताल में गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिले के रानियां क्षेत्र में मोटर गैराज से सामान व नकदी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी की पहचान सिरसा जिला निवासी मुखाराम के रूप में हुई। पुलिस ने मोटर गैराज संचालक की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma