हिसार : यातायात नियम तोड़ने पर पुलिस ने काटे 50 हजार से अधिक चालान
वीओसी ऐप से डिजिटल निगरानी, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और गलत पार्किंग
पर सबसे ज्यादा कार्रवाई : एसपी
हिसार, 11 जुलाई (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित
एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ
पुलिस का अभियान जारी है। इसके तहत यातायात पुलिस आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए डिजिटल
माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार इस साल एक जनवरी से 10 जुलाई के बीच वीओसी ऐप के माध्यम से
50 हजार 118 वाहनों के चालान किए गए हैं। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी प्रणाली
के तहत संचालित की जा रही है, जिससे नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई
सुनिश्चित हो रही है। पुलिस के अनुसार वीओसी ऐप के जरिए ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट
दोपहिया वाहन चलाना, गलत स्थान पर वाहन पार्क करना, यातायात नियमों की अवहेलना सहित
अन्य उल्लंघनों पर चालान किए जाते हैं। इसके अलावा यदि वाहन का वैध बीमा (इंश्योरेंस)
या प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होता तो संबंधित धाराओं के तहत उसका चालान
भी स्वतः दर्ज हो जाता है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शनिवार काे कहा कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी किसी
बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बार-बार जागरूक करने के बावजूद नियमों की अनदेखी करने
वालों के खिलाफ हिसार पुलिस बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी
यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते
समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित
गति सीमा का पालन करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

