home page

हरियाणा से जल्द होगी मानसून की विदाई, 25 तक मौसम रहेगा खुश्क

 | 
हरियाणा से जल्द होगी मानसून की विदाई, 25 तक मौसम रहेगा खुश्क


हवाओं की दिशा बदलने से मानसून की सक्रियता में कमी की संभावना

दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के आसार

हिसार, 19 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में मानसून की सक्रियता अब कम होने लगी

है और इसके जल्द विदा होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 19 सितंबर

से मानसूनी हवाओं की वापसी की अक्षय रेखा राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलौदी और खाजूवाला

तक पहुंच गई है। राजस्थान के ऊपर एंटीसाइक्लोन बनने से हवाओं की दिशा पुरवाई से पश्चिमी

होने की संभावना है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़

ने शनिवार काे बताया कि हवाओं में बदलाव के चलते मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा दक्षिण

की ओर मध्य भारत की तरफ खिसक सकती है। इससे हरियाणा में मानसून की सक्रियता में कमी

आने के साथ इसकी जल्द वापसी की संभावना बन रही है। इसी के चलते अगले पांच दिनों यानी

25 सितंबर तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील, लेकिन खुश्क रहने की संभावना है।

इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। बीच-बीच में हल्के बादल दिखाई

देने की संभावना रहेगी, लेकिन बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के आसार हैं। उन्होंने

बताया कि वातावरण में नमी की मात्रा कम होने से उमस में कमी आएगी। वहीं सुबह और शाम

के समय हल्की ठंडक महसूस होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के साथ लोगों को दिन में

गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंडक का अहसास हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर