home page

कैथल: मोबाइल अपडेट होते ही खाते से 2.30 लाख रुपये गायब

 | 

कैथल, 24 सितंबर (हि.स.)। गांव सेरधा निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से अलग-अलग समय में दाे लाख 30 हजार रुपये निकलने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने गुरुवार काे बताया कि घटना के दौरान उसका मोबाइल अपने आप अपडेट हो रहा था। मोबाइल दोबारा चालू होने के बाद उसे खाते से रकम कटने के मैसेज मिले। मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में महेश कुमार ने बताया कि उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक में है और बैंक खाते के साथ उसका मोबाइल नंबर भी जुड़ा हुआ है। 21 सितंबर को उसका मोबाइल अचानक अपने आप अपडेट होने लगा। कुछ समय बाद मोबाइल सामान्य हुआ तो उसमें बैंक खाते से रुपये निकलने के कई मैसेज मिले। महेश कुमार ने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो अलग-अलग समय पर कुल दाे लाख 30 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल को हैक कर बैंक खाते से रकम निकाल ली। उसने पुलिस से मामले की जांच कर रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साइबर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे