home page

जींद : सफीदों में बनेगा राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय

 | 
जींद : सफीदों में बनेगा राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय


जींद : सफीदों में बनेगा राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय


जींद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। इसी दिशा में सफीदों शहर में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय का निर्माण होगा। इस महाविद्यालय के शुरू होने से सफीदों क्षेत्र की बेटियों और महिलाओं को नर्सिंग की पढ़ाई करने के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक रामकुमार गौतम शुक्रवार को जींद के सफीदों में बनने वाले राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय का भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। लगभग चार एकड़ भूमि पर बनने वाले इस महाविद्यालय के निर्माण पर करीब 43.5 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस परियोजना से क्षेत्र में उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसर बढऩे के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि नर्सिंग शिक्षा आज स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की अहम भूमिका होती है। ऐसे में सफीदों में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय स्थापित होने से स्थानीय विद्यार्थियों को नर्सिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा। इससे विशेष रूप से उन परिवारों को लाभ होगा्र जिनकी बेटियां दूरी और आर्थिक कारणों से दूसरे शहरों में जाकर शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाती। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण संस्थान युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र की प्रगति में भी योगदान देते हैं।

नर्सिंग महाविद्यालय बनने से सफीदों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। विधायक ने निर्माण कार्य से जुड़े हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाविद्यालय के निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा