सोनीपत: पबनेरा में यमुना पर बनी चार करोड़ की ठोकर का विधायक कादियान ने किया उद्घाटन
सोनीपत, 10 सितंबर (हि.स.)। गन्नौर
में यमुना के तेज बहाव से खेतों का कटाव झेल रहे पबनेरा के किसानों को अब राहत की उम्मीद
है। लगभग चार करोड़ रुपए की लागत से यमुना पर बनी ठोकर नंबर-10 का निर्माण पूरा हो
गया है। गुरुवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल तोड़कर इसका उद्घाटन किया। उन्होंने
कहा कि भविष्य में कटाव रोकने के लिए और ठोकर की जरूरत हुई तो उसका निर्माण भी कराया
जाएगा।
गत वर्ष
यमुना का बहाव तेज होने से पबनेरा क्षेत्र में कृषि भूमि कटाव की चपेट में आई थी। किसानों
को हुए नुकसान के बाद ग्रामीण लगातार कटाव रोकने के लिए ठोस इंतजाम की मांग कर रहे
थे। ठोकर बनने से यमुना के बहाव का असर कम होने और कृषि भूमि को कटाव से बचाने में
मदद मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद गांव की चौपाल में कार्यक्रम हुआ। ग्रामीणों
ने विधायक का फूलमालाओं से स्वागत कर ठोकर निर्माण के लिए आभार जताया। ग्रामीणों ने
गांव में ई-लाइब्रेरी शुरू कराने की मांग रखी।
कादियान
ने चौपाल में ग्रामीणों की अन्य समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों से फोन पर
बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य
जरूरत के अनुसार कराए जा रहे हैं। पबनेरा में भी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य
प्राथमिकता से कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन को यमुना कटाव से बचाने
के लिए जहां अतिरिक्त सुरक्षा कार्य की जरूरत होगी, वहां भी काम कराया जाएगा। सरपंच
प्रतिनिधि प्रवीण, पूर्व सरपंच हंसराज, सुरजन पंच, यादराम, कृष्ण, प्रदीप, कलीराम,
शिवकुमार, ईश्वर, संदीप, विकास, आजाद, नितिन, देवेन्द्र, अजय, रोहित, मुकेश, अर्जुन
आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

