सोनीपत: विधायक देवेंद्र कादियान ने स्वास्थ्य केंद्र लोकार्पित किया
सोनीपत, 28 जुलाई (हि.स.)। गन्नौर
के आहुलाना गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिली है। गांव के श्याम बाबा
मंदिर के पास करीब 3.51 करोड़रुपये की
लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का लोकार्पण विधायक देवेंद्र कादियान
ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से
आहुलाना सहित आसपास के करीब 30 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उनके क्षेत्र
में ही मिल सकेंगी।
समारोह
में विधायक देवेंद्र कादियान का स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों
ने स्वागत किया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं
को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य गांव-गांव बेहतर चिकित्सा
सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर शहरों का रुख न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि नए भवन से मरीजों को बेहतर उपचार, सुविधाजनक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण
स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य केंद्र के सुचारु संचालन के लिए चिकित्सकों
के दो आवासीय क्वार्टर तथा अन्य चिकित्सा कर्मियों के लिए चार आवासीय क्वार्टर भी तैयार
किए गए हैं। भवन का कुल निर्मित क्षेत्र लगभग नौ हजार एक सौ पचहत्तर वर्ग फुट है।
इस स्वास्थ्य
केंद्र का लाभ आहुलाना के साथ गढ़ी झंझारा, बली कुतुबपुर, सरढ़ाना, मनक माजरी, खेड़ी
गुर्जर, बिलंदपुर, भौर और जफरपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को मिलेगा। ग्रामीणों
ने कहा कि पहले इलाज और जांच के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब आधुनिक स्वास्थ्य
सुविधाएं गांव के नजदीक उपलब्ध होंगी। एसएमओ पुरखास डॉ. वीरेंद्र ढांडा, डॉ. वीरेंद्र
नैन, पीएचसी प्रभारी डॉ. आकाश, डॉ. प्रवीन छिक्कारा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी,
कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

