home page

मिशन ओलंपिक 2036 के लिए बनेंगे 11 सेंटर : नायब सैनी

 | 
मिशन ओलंपिक 2036 के लिए बनेंगे 11 सेंटर : नायब सैनी


- खेल सुविधाओं के लिए लगभग 800 करोड़ का किया प्रावधान - ओलंपिक पदक विजेता तैयार करेंगे 1200 बच्चों की खेप

चंडीगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मिशन ओलंपिक 2036 के लक्ष्य अनुसार खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मेडल लाने के लिए राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसति करने हेतु प्रथम चरण में 11 सेंटर विकसित किए जाएं। इसके लिए लगभग 800 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है।मुख्यमंत्री मिशन ओलंपिक को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक मे हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केन्द्रों में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई, स्टेट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स पलवल, टीडीएल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र के अलावा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स प्राइवेट एकेडमी करनाल, जींद, गोहाना, यमुनानगर शामिल है।

बैठक के दौरान 13 वर्ष से 16 वर्ष आयु के नए खिलाडिय़ों को तैयार करने बारे चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि ओलम्पिक 2036 टेलेंट मिशन के तहत स्पोर्टस युनिवर्सिटी राई को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इसकी देखरेख खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन केन्द्रों में 1200 बच्चों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। इससे पूर्व वर्ष 2028 में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी अधिक से अधिक खिलाडिय़ों को तैयार करने हेतु बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन खिलाडिय़ों के लिए ओलंपिक पदक विजेता कोच लगाए जाएगें। इसके अलावा 23 अन्य खेल सेंटर भी विकसित किए जाएगें। जिनमें खिलाडिय़ों के रहने व खाने की व्यवस्था होगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा