home page

पानीपत: घर से पूजा को निकली युवती ने लगाई नहर में छलांग, लापता

 | 
पानीपत: घर से पूजा को निकली युवती ने लगाई नहर में छलांग, लापता


पानीपत, 11 जून (हि.स.)। पानीपत में बुधवार की रात असंध रोड पुलिस नाका पुल के पास स्थित मंदिर में पूजा करने गई दो नाबालिग लड़कियों में से एक ने दिल्ली पैरेलल नहर में छलांग लगा दी। जिसके बाद वह पानी के तेज बहाव में बह गई। युवती की पहचान कच्चा कैंप निवासी 15 वर्षीय सुहानी पुत्री राजेंद्र के रूप में हुई है। साथ गई उसकी 14 वर्षीय सहेली राधा ने शोर मचाया तो उसकी आवाज सुनकर लोग एकत्र हो गए तब राधा ने बताया कि उसकी सहेली सुहानी ने नहर में छलांग लगा दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार की रात को दोनों लड़कियां काफी देर से नहर के किनारे संदिग्ध हालत में घूम रही थी। राधा की बात सुनकर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन रात को घना अंधेरा होने के कारण और नहर के पानी का बहाव तेज होने की वजह से बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका।

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और राधा के बयान लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी राधा के बयान लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गुरुवार की सुबह से गोताखोरों की टीम को भी लापता सुहानी की तलाश में लगा दिया है। इसके बावजूद लापता लड़की का सुराग नहीं मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा