home page

पानीपत: अस्पताल से गायब हुई नाबालिग गर्भवती को सीडब्ल्यूसी ने ढूंढ कर भेजा बाल संरक्षण गृह

 | 
पानीपत: अस्पताल से गायब हुई नाबालिग गर्भवती को सीडब्ल्यूसी ने ढूंढ कर भेजा बाल संरक्षण गृह


पानीपत, 30 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत के सिविल अस्पताल से रहस्यमय तरीके से गायब हुई नाबालिग गर्भवती को आखिरकार पुलिस ने तलाश लिया। किशोरी को उसके घर से ही रेस्क्यू किया गया। इसके बाद परिवार वालों को पुलिस थाने ले कर पहुंची। जहां लड़की और उसकी मां के बयान दर्ज किए गए।

पुलिस ने गुरुवार को पीड़िता को सिविल अस्पताल ले जाकर पहले उसकी मेडिकल जांच करवाई, इसके बाद सीडब्लूसी के समक्ष पेश कर किशोरी के बयान दर्ज करवाए। वहीं लड़की की मां ने बताया कि वे बुधवार को सिविल अस्पताल में पुलिस का चार घंटे तक इंतजार करने के बाद वहां से वापस घर लौट आए थे। फिर रात को आठ बजे के बाद पुलिस का फोन आया और उन्हें थाने बुलाया गया। रात नो बजे तहसील कैंप थाना गए थे। जहां उनके बयान लिए गए हैं, आज फिर से पुलिस ने बुलाया है।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसे जबरन अपने कमरे पर ले गया था। वहां आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाया और बेसुध होने के बाद उसके साथ रेप किया।फिलहाल आरोपी युवक पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब बुधवार की सुबह पीड़िता को उसकी मां गर्भपात और इलाज के लिए अस्पताल लेकर आई थी। अस्पताल प्रशासन द्वारा नाबालिग के रूप में पुष्टि होने पर पुलिस को सूचित किया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद पीड़िता और उसकी मां वहां से लापता हो गए थे। अब किशोरी के मिल जाने के बाद पुलिस का पूरा ध्यान आरोपी की गिरफ्तारी पर है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीडब्लूसी के सदस्य केदार कौशिक ने बताया कि पुुलिस ने गुरुवार को पीड़िता को सीडब्लूसी के समक्ष पेश किया, जहां से पीड़िता की काउंसलिंग कर उसे उचित देखभाल के लिए बाल संरक्षण गृह में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा