पानीपत: पुरानी रंजिश के चलते किए हमले में चाकू से घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत
पानीपत, 30 मार्च (हि.स.)। रेलवे रोड पर पुराने झगड़े को लेकर चाकूबाजी का शिकार हुए गोपाल कॉलोनी के नाबालिग सागर की इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब डेढ़ महीने तक कई अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे सागर ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस ने मामले में पहले से दर्ज जानलेवा हमले को अब हत्या की धारा में जोड़ दिया है।
गोपाल कॉलोनी निवासी पिता मुकेश ने साेमवार काे पुलिस को बताया कि उन्हें 12 फरवरी की रात को सूचना मिली थी उनका बेटा सागर गंभीर चोट के कारण सरकारी अस्पताल में भर्ती है। जब वह अस्पताल पहुंचे, तो पता चला कि सागर की हालत नाजुक होने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। इलाज के दौरान सागर ने अपने पिता और परिजनों को बताया कि वह किसी काम से रेलवे रोड गया था। वहां उसे ईदगाह कॉलोनी के एक नाबालिग किशोर मिला। सागर के अनुसार, कुछ समय पहले उसका इस नाबालिग के साथ झगड़ा हुआ था।
रेलवे रोड पर मिलते ही आरोपी नाबालिग ने पुरानी रंजिश निकालते हुए कहा, मैं सिखाता हूं तेरे को मेरे साथ लड़ाई कैसे करते हैं। इतना कहते ही उसने जेब से चाकू निकाला और जान से मारने की नीयत से सागर के पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिए। सागर को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया था।
सागर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई के बाद शहर के कई अन्य अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया। रविवार शाम काे इलाज के दौरान सागर ने अंतिम सांस ली। पुलिस ने सागर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। तथा दर्ज केस में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

