यमुनानगर:नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 15 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की रंजीतपुर चौकी टीम ने 17 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि 17 जून को थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी रात को घर से निकली लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि गांव खारवन निवासी नितिन उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 25 जून को नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद नियमानुसार उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और मामले की जांच आगे बढ़ाई गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव खारवन निवासी नितिन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

