नूंह में जनसमस्याओं पर सख्त दिखे मंत्री विपुल गोयल, 14 में से 11 शिकायतों काे निपटाया
नूंह, 27 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को नूंह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आमजन की 14 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों का निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिले के सरकारी विद्यालयों में अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में अवैध कब्जे, चारदीवारी का अभाव, विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनें अथवा ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा जैसी समस्याएं हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट एक माह के भीतर प्रस्तुत की जाए ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
तावडू क्षेत्र से संबंधित एक आकस्मिक मृत्यु की शिकायत पर मंत्री ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम, डीएसपी और सीएमओ की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी को 10 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कैंसर के कथित मामलों को लेकर मंत्री ने कहा कि शिकायत के आधार पर संबंधित क्षेत्र के पेयजल की जांच कराई गई, जिसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली। साथ ही गांव के 60 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच भी कराई गई, जिसमें किसी में भी कैंसर से संबंधित लक्षण नहीं पाए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने स्वीकार किया कि जिले में डॉक्टरों की कमी है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामान्य अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए जा चुके हैं। साथ ही मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री से अतिरिक्त चिकित्सकों की नियुक्ति के संबंध में भी चर्चा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

