home page

हरियाणा में ड्रोन व एआई से होगी अवैध निर्माण,खनन व प्रदूषण की निगरानी

 | 

चंडीगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा में ड्रोन प्रौद्योगिकी सुशासन का अभिन्न अंग बनने जा रही है। प्रदेश में अवैध निर्माण, अवैध खनन, नागरिक अवसंरचना, लिगेसी वेस्ट स्थलों तथा प्रदूषण की प्रभावी निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी तथा हाई रेजोल्यूशन भू-स्थानिक (जियोस्पेशियल) मैपिंग का उपयोग किया जाएगा।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को चंडीगढ़ में ड्रोन इमेजिंग एंड इंफॉर्मेशन सर्विसेज ऑफ हरियाणा (दृश्या) के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एआई आधारित चेंज डिटेक्शन एप्लीकेशन की प्रगति की समीक्षा भी की गई। इस एप्लीकेशन को हाई रेजोल्यूशन ड्रोन इमेजरी के माध्यम से अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण की स्वत: पहचान के लिए विकसित किया गया है। इसके तहत फरीदाबाद, हिसार, करनाल, पानीपत और यमुनानगर में लगभग 800 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का डिजिटल मानचित्रण किया जा चुका है, जिससे शहरी नियोजन, निगरानी और प्रवर्तन के लिए राज्य का सबसे बड़ा भू-स्थानिक डाटाबेस तैयार हो रहा है। मुख्य सचिव ने गुरुग्राम में ’दृश्या’ द्वारा किए जा रहे नगर निगम परिसंपत्तियों के डिजिटल मैपिंग कार्य की भी समीक्षा की।

क्रिड के आयुक्त एवं सचिव जे.गणेशन ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत सडक़ नेटवर्क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज तथा बर्म का डिजिटलीकरण किया गया है। इसके अलावा लगभग 60 हजार मैनहोल एवं गली ट्रैप का सेंटीमीटर स्तर की सटीकता के साथ भू-अंकन (जियो-रेफरेंसिंग) किया जा रहा है।

बैठक में खानक स्टोन माइंस में ड्रोन आधारित मासिक निगरानी की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक ड्रोन सर्वेक्षण के आठ चरण पूरे हो चुके हैं तथा छह चरणों की वॉल्यूमेट्रिक एसेसमेंट रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। जे. गणेशन ने बताया कि राज्य के 16 नगर परिषदों में सर्वेक्षण पूरा कर संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी गई है, जिससे पुराने कचरा स्थलों के वैज्ञानिक उपचार तथा लैंडफिल प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सकेगा।

बैठक में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के लिए प्रमुख नालों के ड्रोन सर्वेक्षण, थर्मल इमेजिंग और वीडियोग्राफी पर बताया कि कई प्रमुख नालों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, जबकि शेष क्षेत्रों में कार्य प्रगति पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा