home page

सिरसा: किसानों के मुद्दों पर मुखर हुई इनेलो, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

 | 
सिरसा: किसानों के मुद्दों पर मुखर हुई इनेलो, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन


सिरसा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। किसानों की समस्याओं को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को सिरसा के उपायुक्त को हरियाणा के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने सिरसा अनाज मंडी का दौरा किया और धान खरीद को लेकर आ रही समस्याओं को लेकर किसानों से बातचीत की।

विधायक अर्जुन ने कहा कि सरकार की उदासीनता के चलते किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। मंडियों में अभी तक सरकार की ओर से परमल धान की खरीद ही शुरू नहीं की गई है, जिससे वे बेहद परेशान हैं। ऐसे में फैक्टरी संचालक किसानों से नमी के नाम पर प्रति क्विंटल के हिसाब से राशि काट कर उन्हें आर्थिक चपत लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बार गेहूं पर केवल 25 रुपए समर्थन मूल्य बढ़ा कर किसानों के जख्मों पर नमक छिड़क है। उम्मीद थी कि इस बार समर्थन मूल्य 200 रुपए तक बढ़ेगा, क्योंकि पिछले वर्ष यह 160 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बढ़ाया गया था। उन्होंने कहा कि आज बाजरे की खरीद भी धीमी गति से चल रही है और उत्पादकों को उनका सही मूल्य नहीं मिल रहा। साथ ही विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि महंगाई के चलते आज गरीब की थाली से रोटी गायब हो रही है और सरकार विकास के झूठे आंकड़े गिनवा रही है। इस मौके पर इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, कुलदीप गोदारा, मंदर सिंह ओढां, हरमीत सिंह पंडोरीवाला, जसविंद्र बिंदु आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma