सिरसा: किसान संगठनों ने शर्तों व नियमों को हटाने की मांग पर किया प्रदर्शन, डीसी को सौंपा ज्ञापन
सिरसा, 07 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान संगठनों ने मंगलवार को सिरसा के लघु सचिवालय में फसल खरीद पर लगाई गई बेतुकी शर्तों और नए नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
किसान रघुबीर सिंह नकौड़ा, इकबाल सिंह, डा. सुखदेव सिंह आदि ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा फसलों की खरीद के लिए लगाई गई शर्तों और नए नियमों के कारण किसान परेशान हैं। बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन, ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन, ओटीपी और पोर्टल के न खुलने व नेटवर्क की समस्या किसानों के लिए जी का जंजाल बन गए हैं। गेटपास बनवाने में एक किसान का आधा घंटा लग जाता है। अंगूठे से पहचान नहीं हो पा रही है। सब किसानों के पास अपने ट्रैक्टर नहीं हैं। छोटे किसानों को किराए के ट्रैक्टर ले जाने पड़ते हैं।
मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद भी ई-फरीद पर डाटा अपलोड नहीं हो रहा। पोर्टल पर फसल बूढ़े और बीमार पिता के नाम पर दर्ज है। बेटा या पोता लेकर आता है तो गेट पास नहीं बनता। किसानों ने इन शर्तों और नए नियमों को वापस लेने की मांग की। इस हरजिंदर सिंह नानूआना, लक्खा सिंह अलीकां, तिलक राज विनायक, भजन लाल बाजेकां, इकबाल सिंह नेजाडेला, धन्ना सिंह रायसर, जस्सा नानूआना, होशियार सिंह नेजाडेला, कृष्ण लाल फौजी सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

