home page

सिरसा: गौवंश को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग पर डीसी को सौंपा पत्र

 | 
सिरसा: गौवंश को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग पर डीसी को सौंपा पत्र


सिरसा, 27 जुलाई (हि.स.)। गौवंश को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर जिलेभर की गौशालाओं के प्रतिनिधियों व गौभक्तों ने सोमवार को उपायुक्त को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। गौशाला महासंघ के जिला प्रधान योगेश बिश्नोई ने कहा कि वर्तमान में भारतीय गोवंश की स्थिति अत्यंत पीड़ादायक है। गोवंश केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की धुरी भी है। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हमारा किसान रासायनिक खाद के विषैले चक्र से मुक्त होकर गो आधारित प्राकृतिक कृषि को अपनाएगा।

उन्होंने बताया कि गौ भक्तों की मांग है कि संविधान के अनुच्छेद 48 के तहत गो-संरक्षण राज्य का विषय है, कुछ राज्यों ने गोवध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया भी है, किंतु कई राज्यों की असमर्थता अथवा अरुचि को देखते हुए केंद्र सरकार संविधान में आवश्यक संशोधन करते हुए केंद्रीय गो सेवा एवं संरक्षण अधिनियम लागू करें। देशी गोवंश को राष्ट्रमाता या राष्ट्र आराध्या के रूप में आधिकारिक संवैधानिक मान्यता प्रदान कर उसे विशेष राष्ट्रीय संरक्षण दिया जाए। गो तस्करी और गो वध को संज्ञेय एवं गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में रखकर आजीवन कारावास तथा अपराध में संलिप्त आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने का कठोर विधिक प्रावधान हो।

प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर नंदीशाला और जिला स्तर पर न्यूनतम एक आदर्श गो अभ्यारण्य अथवा वृहद् गोशाला की स्थापना अनिवार्य हों, जहां निराश्रित गोवंश को ससम्मान आश्रय मिलें। राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर प्रति 50 से 100 किमी पर सुसज्जित गो-वाहिनी एम्बुलेंस और 150 से 200 किमी के अंतराल पर आधुनिक ट्रॉमा सेंटरों की व्यवस्था हो जाए, ताकि दुर्घटनाग्रस्त गोवंश को तत्काल उपचार मिल सकें। इस मौके पर प्रेम कंदोई, हरपाल, धर्मपाल, रमेश रानियां, ओम सिहाग, ओम नाथूसरी, ओम ज्याणी, अमीलाल सहित जिलेभर की गौशाला के प्रधान व गौभक्त मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma