वक्फ बोर्ड प्रशासक ने मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज की समस्याओं पर अधिकारियों से किया मंथन
नूंह, 16 नवंबर (हि.स.)। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज, पल्ला की व्यवस्थाओं में सुधार और छात्रों की लंबित मांगों को पूरा कराने को लेकर हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन गंभीर नजर आ रहे हैं। सोमवार को उन्होंने कॉलेज पहुंचकर करीब तीन घंटे तक कॉलेज परिसर और हॉस्टल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में सामने आई अनियमितताओं, लंबित कार्यों और सुधार की जरूरतों को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की पढ़ाई और कॉलेज की व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कॉलेज स्टाफ के साथ आयोजित बैठक में जाकिर हुसैन ने छात्रों की लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ से उनकी आवश्यकताओं और संसाधनों की कमी का पूरा ब्यौरा जल्द उपलब्ध कराने को कहा, ताकि मांगों के समाधान की दिशा में तत्काल कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने शिक्षण स्टाफ से विशेष रूप से अपील की कि परीक्षाएं नजदीक होने के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया जाए और शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए।
जाकिर हुसैन ने कहा कि छात्रों की सभी जायज मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा। कुछ मांगों पर पहले से ही काम चल रहा है, जबकि शेष मांगों पर भी शीघ्र कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में शिक्षा का बेहतर माहौल तैयार करना और विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा वक्फ बोर्ड तथा जिला प्रशासन कॉलेज की बेहतरी के लिए लगातार प्रयासरत हैं। शिक्षकों की समस्याओं और उनकी मांगों के समाधान के लिए भी गंभीरता से काम किया जा रहा है। उन्होंने कॉलेज के सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे आपसी सहयोग और जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका निभाएं।
कॉलेज में सुधार कार्यों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त की देखरेख में गठित की जाने वाली कमेटी में शिक्षण स्टाफ, गैर-शिक्षण स्टाफ और विद्यार्थियों की ओर से एक-एक प्रतिनिधि का नाम जल्द भेजने की अपील की, ताकि कमेटी निर्धारित जिम्मेदारियों के साथ अपना काम शुरू कर सके।
इस दौरान उन्होंने कॉलेज के कर्मचारियों के बकाया वेतन के भुगतान की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज के समस्त स्टाफ का बकाया वेतन उनके बैंक खातों में डलवा दिया गया है। जाकिर हुसैन ने दोहराया कि कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार, छात्रों की समस्याओं का समाधान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा वक्फ बोर्ड तथा जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

