home page

हिसार : पर्वतारोही हिम पुत्री रीना भट्टी ने की बाबा हिन्दुस्तानी के आवास पर मुलाकात

 | 
हिसार : पर्वतारोही हिम पुत्री रीना भट्टी ने की बाबा हिन्दुस्तानी के आवास पर मुलाकात


बाबा हिन्दुस्तानी ने हिसार की बेटी का सम्मान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की

कामना की

हिसार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पर्वतारोहण की दुनिया में एक प्रसिद्ध और जानी

मानी हस्ती हिम पुत्री रीना भट्टी ने बाबा हिन्दुस्तानी के न्यू मॉडल टाउन स्थित आवास

पर पहुंचकर शुक्रवार काे उनसे मुलाकात की व आशीर्वाद लिया। रीना भट्टी ने पर्वतारोहण की दुनिया में

एक नया इतिहास रचा है उन्होंने मात्र 20 घंटे 45 मिनट में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी

माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) और चौथी सबसे ऊंची चोटी माउंट ल्होत्से (8,516 मीटर) को

फतह कर भारत की सबसे तेज महिला पर्वतारोही बनने का गौरव प्राप्त किया है।

जिले के बालक गांव की रहने वाली रीना एक ट्रैक्टर मिस्त्री की बेटी हैं। उन्होंने

कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। पर्वतारोहण के प्रति उनका जुनून

2017 में अमरनाथ यात्रा के दौरान जागा। इसके बाद उन्होंने कई चोटियों को फतह किया,

जिनमें माउंट कांग यात्से और माउंट जोजोंगो शामिल हैं, जिन्हें उन्होंने 70 घंटे में

फतह किया है। माउंट एवरेस्ट और माउंट ल्होत्से को 20.5 घंटे में फतह कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

बनाने के अलावा भी उनके नाम कई उपलब्धियां हैं। जैसे, वह माउंट एल्ब्रुस (पूर्व और

पश्चिम) को 24 घंटे में फतह कर भारत की पहली महिला बन चुकी हैं। स्नो लेपर्ड पीक, पीक

लेनिन (7134 मीटर), किर्गिस्तान में फतह किया है। उन्होंने माउंट आमा दबलम (6812 मीटर)

की चढ़ाई सिर्फ़ 5 दिनों में पूरी की है; और पिछले 5 वर्षों में 20 से ज़्यादा चोटियों

पर तिरंगा लहराया है। बाबा हिन्दुस्तानी ने रीना भट्टी की उपलब्धियों को देखते हुए कहा कि कठिनाइयों

और सीमित संसाधनों के बावजूद, अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी सपना साकार किया जा सकता

है। उनकी उपलब्धियों पर पूरे देश व हिसार को गर्व है। उन्होंने रीना भट्टी को पुष्प

गुच्छ भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर