कैथल: मां के इलाज के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना पड़ा महंगा, खाते से 2.76 लाख उड़ाए
कैथल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मां का इलाज कराने के लिए ऑनलाइन अस्पताल का नंबर खोजना एक युवक को महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने मेडिकल रजिस्ट्रेशन के नाम पर युवक को मोबाइल पर एक एप फाइल भेजी और उसमें डिटेल भरने के लिए कहा। इसके बाद युवक के बैंक खाते से अलग-अलग समय में दाे लाख 76 हजार 472 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने शुक्रवार काे अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई अनाज मंडी ढांड निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी मंडी में जनरल स्टोर की दुकान है। उसका एक निजी बैंक में बचत खाता है और वह इस खाते से गूगल पे भी चलाता है। उसकी मां कांता देवी काफी समय से एलर्जी की बीमारी से परेशान हैं। 27 सितंबर को उसने मां का इलाज कराने के लिए गूगल पर एक स्किन अस्पताल का नंबर तलाशा था। अनिल के मुताबिक, उसने ऑनलाइन मिले नंबर पर कॉल की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। कुछ देर बाद उसी नंबर से उसके पास फोन आया। कॉल करने वाले ने अस्पताल में रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही और मोबाइल पर एक एप फाइल का लिंक भेज दिया। आरोपी ने उसे बताया कि एप फाइल में अपनी जानकारी भरने के बाद पांच रुपये ऑनलाइन भेजने पर रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। अनिल ने आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए फाइल में अपनी डिटेल भर दी। इसके बाद उसने पांच रुपये गूगल पे करने का प्रयास किया, लेकिन रकम खाते से नहीं कट पाई।
दोबारा कॉल करने की बात कहकर हुआ गायब
पांच रुपये का भुगतान नहीं होने पर अनिल ने आरोपी से दोबारा संपर्क किया। आरोपी ने कहा कि वह बाद में दोबारा फोन करेगा और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करवा देगा। इसके बाद आरोपी ने दोबारा कॉल नहीं की। कुछ समय बाद अनिल के बैंक खाते से अलग-अलग समय में रकम निकलने लगी। कुल दाे 76 लाख 472 रुपये खाते से कटने के बाद उसे साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उसने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। साइबर थाना के जांच अधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। खाते से निकली रकम और आरोपी द्वारा भेजी गई एप फाइल समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

