home page

पलवल में आग से दर्जनों झुग्गियां जलकर राख, सिलेंडर धमाकों से दहशत

 | 
पलवल में आग से दर्जनों झुग्गियां जलकर राख, सिलेंडर धमाकों से दहशत


पलवल, 06 अप्रैल (हि.स.)। शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने जेठानंद धर्मशाला के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में सोमवार को भीषण आग लगने से करीब दो दर्जन झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिल पाया, जिससे बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक एवं हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, जिला अध्यक्ष विपिन बैसला और जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग के दौरान दो धमाकों की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि झुग्गियों में रखे छोटे एलपीजी सिलेंडर फट गए। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार बस्ती में करीब 20 से अधिक झुग्गियां थीं, जिनमें लगभग 150 लोग रह रहे थे। आग ने देखते ही देखते पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया और झुग्गियों में रखा कपड़ा, राशन व अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।

गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि एक महिला अपने सामान को बचाने के प्रयास में मामूली रूप से झुलस गई। मौके पर पहुंचे मंत्री गौरव गौतम ने पीड़ितों को सांत्वना देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य लगातार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग