पानीपत: जिले के दो परीक्षा केंद्र पर हुई सामूहिक नकल के बाद 10वीं व 12वीं की परीक्षा रद्द
पानीपत, 02 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत में दो परीक्षा केंद्र पर पकड़ी गई सामूहिक नकल के बाद दोनों केंद्रों की दसवीं और 12वीं बोर्ड की सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। साथ ही दोनों केंद्र भी रद्द कर दिए गए है।
उपायुक्त विरेंद्र दहिया ने गुरुवार काे कहा कि सेंटर पर तैनात पुलिस कर्मियों और अध्यापक स्टाफ के खिलाफ भी जांच बिठाई जाएगी। इसराना और डाहर के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में बने परीक्षा केंद्रों की वीडियो वायरल हुईं थी, जिसमें पुलिसकर्मी और सुपरिटेंडेंट खुद ही बोर्ड परीक्षा में बच्चों को नकल कराते दिख रहे हैं। इस सामूहिक नकल घोटाले से जुड़ी वीडियो सामने आने के बाद ही जिला उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया ने ये कार्रवाई की है। जांच में यह पाया गया कि इन सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरों को बंद कराकर नकल कराई जाती थी। जब फ्लाइंट टीम चेकिंग पर आती तो कैमरे सही ढंग से चलते थे, उनके जाते ही सेंटर संचालक कैमरा बंद करा देते थे। नकल मामले में रेपिड एक्शन फोर्स ने पुलिसकर्मी और सुप्रीटेंडेंट के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश की है। इस बारे में डीएसपी हेड क्वार्टर सतीश वत्स बताया कि विभाग की ओर से शिकायत प्राप्त हो गई है। इसराना थाना पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। यहां पर तैनात पुलिस स्टाफ और अध्यापक स्टाफ के खिलाफ भी इंक्वारी की जाएगी। विभागीय जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
आरएएफ केअधिकारियों का कहना है कि उनकी टीम ने एग्जाम सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। चेकिंग में सेंटर के कैमरे बंद मिले। इसके बाद सभी परीक्षाओं की जांच की गई, जिसमें दो फरवरी और 12 मार्च को हुई परीक्षा में नकल कराई गई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि सेंटर की रिकॉर्डिंग कुछ टाइम के लिए बंद भी कर दी जाती थी। नकल कराने के पीछे पुलिस व शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के अलावा लोकल चेकिंग टीम भी शामिल होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

