home page

पलवल में शादी से लौट रहे युवकों पर नकाबपोशों का कहर, थार से रोककर की पिटाई; पांच हजार लूटे, कार तोड़ी

 | 

पलवल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। शादी समारोह से लौट रहे चार युवकों पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने उनकी कार को जबरन रुकवाकर लोहे की रॉड, बेसबॉल डंडों और हथौड़ों से हमला किया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर पांच हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने सोमवार को बताया कि मिंडकौला गांव निवासी देवेंद्र ने इस संबंध में शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार 21 फरवरी को उसकी चचेरी बहन की शादी असावटा मोड़ स्थित कालड़ा फार्म हाउस में थी। देर रात वह अपने चचेरे भाई दीपक, बुआ के बेटे सुरेंद्र निवासी कोटवन (उत्तर प्रदेश) और दोस्त रोहित के साथ टोयोटा लीवा कार में घर लौट रहा था।

देवेंद्र के मुताबिक, जब उनकी कार कुशालीपुर फ्लाईओवर के पास पहुंची तो एक बिना नंबर की थार ने आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया, जबकि पीछे से आ रही आसमानी रंग की कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, दोनों वाहनों से 8 से 10 नकाबपोश बदमाश उतर आए।

हमलावरों ने आते ही कार के शीशे तोड़ दिए और दीपक को बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि बदमाशों ने दीपक की जेब से पांच हजार रुपये भी निकाल लिए। हमले में देवेंद्र, सुरेंद्र और रोहित को भी चोटें आईं और उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि घायल की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग