home page

यमुनानगर : संयुक्त किसान मोर्चा ने शहीदों को नमन किया

 | 
यमुनानगर : संयुक्त किसान मोर्चा ने शहीदों को नमन किया


यमुनानगर, 23 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर के शहीदी दिवस को सम्राज्यवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर किसान एवं नौजवान संगठनों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को आज भी मार्गदर्शक बताया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष गुरभजन सिंह मुंझेल ने की, जबकि संचालन नौजवान सभा के प्रदेश सचिव नीरज चौहान ने किया। वक्ताओं ने कहा कि इन क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान समाज के हर वर्ग में समान रूप से दिखाई देता है और उनकी प्रेरणा आज भी जन-आंदोलनों को दिशा दे रही है। वक्ताओं ने कहा कि 23 मार्च 1931 को औपनिवेशिक शासन ने भय के चलते निर्धारित समय से पहले ही तीनों क्रांतिकारियों को फांसी दे दी थी। उन्होंने बताया कि अंतिम क्षणों तक भी भगतसिंह अध्ययन और चिंतन में लीन रहे, जो उनके गहरे वैचारिक दृष्टिकोण को दर्शाता है। सभा में यह भी कहा गया कि उनका संघर्ष केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं था, बल्कि शोषणमुक्त समाज की स्थापना उनका मूल लक्ष्य था। इसी संदर्भ में किसान संगठनों ने विभिन्न मांगें उठाईं, जिनमें किसानों को लागत आधारित समर्थन मूल्य, कर्जमाफी और युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि शहीदों के आदर्शों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, छात्र और युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार