home page

जींद : देश सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता : एसपी कुलदीप सिंह

 | 
जींद : देश सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता : एसपी कुलदीप सिंह


जींद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बलिदान से हमें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा एवं साहस की प्रेरणा मिलती है। एसपी कुलदीप सिंह जिला पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस शहीद स्मृति दिवस पर आयोजित भावनात्मक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में जिले के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहीदों के परिजनों ने भाग लिया।

पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि विगत एक वर्ष में देशभर में ड्यूटी के दौरान 154 पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों ने राष्ट्र सेवा में अपने प्राणों का बलिदान दिया है। इन सभी वीर सपूतों को आज याद किया गया और उनके नामों का उच्चारण कर श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने अपने संबोधन में पुलिस स्मृति दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को उन 10 वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जो 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीन के सैनिकों द्वारा किए गए हमले में शहीद हुए थे। 20 अक्टूबर 1959 को जब तीसरी बटालियन के जवान सीमा की गश्त पर निकले तो एक टुकड़ी वापस नहीं लौटी। 21 अक्टूबर को खोज दल के साथियों पर चीन की सेना ने हमला किया, जिसमें 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए और सात को बंदी बना लिया गया। 13 नवंबर को शहीदों के शव भारत को सौंपे गए, जिनका हॉट स्प्रिंग्स में पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

जनवरी 1960 में आयोजित पुलिस महानिरीक्षक सम्मेलन में इस दिन को राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में जिला जींद के वीर शहीदों की गौरवगाथा को भी याद किया गया। इस मौके पर एसआई हंसराज, एएसआई नरेन्द्र सिंह, एचसी राजकुमार, सिपाही बलजीत सिंह सहित 10 शहीद जवानों की गौरव गाथा को भी याद किया गया। इस कार्यक्रम में एएसपी अमित भाटिया, डीएसपी जींद संदीप कुमार, डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा, डीएसपी सफीदों गौरव शर्मा, डीएसपी नवीन अहलावत, डीएसपी राजीव मिगलानी सहित सभी थानों एवं चौकियों के प्रभारी सहित अनेक पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा