home page

कैथल: शादी का झांसा देकर कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

 | 

कैथल, 06 अगस्त (हि.स.)।जिले के सीवन थाना क्षेत्र की एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने अपने सहपाठी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया कि वह कैथल शहर के एक कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रही है। इसी दौरान उसकी पहचान कॉलेज में पढ़ने वाले गुरमेल सिंह नामक युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और मोबाइल नंबर भी साझा किए गए। आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी का भरोसा देकर उसका विश्वास जीता।

पीड़िता के अनुसार, मई माह में आरोपी ने उसे मिलने के बहाने कैथल बुलाया। वहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा। शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने साफ इनकार कर दिया। साथ ही धमकी दी कि यदि उसने शादी की बात दोबारा उठाई या घटना के बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सीवन थाना की जांच अधिकारी सरोज ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे