हिसार : नारनौंद अनाज मंडी में उठान का कार्य धीमा; गेहूं से लबालब भरी मंडी
हिसार, 20 अप्रैल (हि.स.)। नारनौंद की अनाज मंडी में उठान का कार्य धीमा होने के कारण अनाज मंडी गेहूं से लबालब भरी हुई है। अब तक मंडी में 11 लाख 80 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, छह लाख 50 हजार क्विंटल की खरीद हुई और केवल दो लाख 30 हजार क्विंटल गेहूं का ही उठान हो पाया है। मंडी में जगह नहीं होने के कारण काफी किसानों की फसल उनके खेतों में ही पड़ी हुई है। गेहूं की फसल का सीजन खत्म होने को है लेकिन अनाज मंडी में चारों तरफ गेहूं ही गेहूं दिखाई दे रही हैं क्योंकि अनाज मंडी से उठान का कार्य काफी धीमा हो रहा है। इस पर मंडी के आढ़ती नाराजगी भी जता चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि उठान के कार्य में तेजी लाई जा सके ताकि जिन किसानों की फसल अभी तक मंडी तक नहीं पहुंची वह भी अपनी फसल को मंडी में पहुंचा कर फसल को बेच सके। नारनौंद की अनाज मंडी में अब तक चार लाख 62 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई हैं। इसमें से एक लाख 86 हजार क्विंटल की खरीद हुई हैं और एक लाख छह हजार क्विंटल फसल का उठान हुआ है। खेड़ी लोहचब की मंडी में तीन लाख 40 हजार क्विंटल की आवक हुई हैं। दो लाख 21 हजार क्विंटल की खरीद हुई हैं और एक लाख 15 हजार क्विंटल का उठान हुआ है। लोहारी राघो की मंडी में अब तक एक लाख 65 हजार क्विंटल की आवक हुई है, जिसमें 70 हजार क्विंटल की खरीद और 38 हजार क्विंटल गेहूं का उठान हो गया है। कोथ कलां में 70 हजार क्विंटल गेहूं आई है जिसमें से 60 हजार की खरीद हो गई है और 18 हजार क्विंटल गेहूं का उठान हो पाया है। थुराना मंडी में 78 हजार क्विंटल की आवक हुई है। इसमें 33 हजार क्विंटल की खरीद हो चुकी हैं और 16 हजार क्विंटल का उठान हो गया है। डाटा मंडी में 64 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई हैं जिसमें से 26 हजार की खरीद हुई हैं ओर 9300 क्विंटल गेहूं का ही उठान हो पाया है।मार्केट कमेटी सचिव रवि श्योराण ने साेमवार काे बताया मंडी में खरीद आठ अप्रैल से शुरू हुई थी। इस कारण खरीद में कुछ कमी रही हैं। उठान के कार्य में गाड़ी कम मिल रही है, जिसके कारण ये काम धीमा चल रहा हैं। उच्च अधिकारियों से बातचीत करके इस काम में तेजी लाई जाएगी ताकि किसी को कोई परेशानी ना हो। मंडी में किसानों को भी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

