हांसी: स्वतंत्रता दिवस रिहर्सल में गर्मी-उमस से कई बच्चों की तबीयत बिगड़ी, एसडीएम ने लगाई फटकार
अनाज मंडी में करीब 750 स्कूली बच्चे पहुंचे थे
रिहर्सल के लिए, पर्याप्त पंखे-कूलर नहीं होने पर उठे सवाल
हांसी, 13 अगस्त (हि.स.)। हांसी में पहली बार
आयोजित होने जा रहे जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार
को अनाज मंडी में आयोजित अंतिम रिहर्सल के दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण कई स्कूली
बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। रिहर्सल में करीब 750 बच्चे शामिल हुए थे। गर्मी से परेशान
कुछ बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेजना पड़ा। बच्चों की परेशानी की सूचना मिलने
पर एसडीएम राजेश खोथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षकों एवं
प्राचार्यों को फटकार लगाई। उन्होंने बच्चों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तत्काल पर्याप्त
इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह की
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक पीटी की अंतिम रिहर्सल के लिए गुरुवार सुबह करीब
7:45 बजे बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों को अनाज मंडी बुलाया गया था। इस बार हांसी
में पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी ध्वजारोहण करेंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए परेड सहित अन्य कार्यक्रम
राजकीय महाविद्यालय में तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक पीटी अनाज मंडी के शेड
में आयोजित करने की व्यवस्था की गई है।
रिहर्सल के दौरान बच्चों के लिए पर्याप्त पंखे
और कूलर नहीं होने की बात सामने आई। मंडी में बनाए गए मंच पर चार बड़े कूलर लगाए गए
थे, लेकिन उनकी हवा मुख्य रूप से मंच पर बैठे अधिकारियों, शिक्षकों और अन्य लोगों तक
पहुंच रही थी। दूसरी ओर, सामने घंटों से बैठे छोटे बच्चे गर्मी और उमस से परेशान दिखाई
दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की वेशभूषा में तैयार बच्चे पसीने से तर-बतर नजर आए।
एक शिक्षक ने बताया कि बच्चों को पिछले दो दिनों
से लगातार रिहर्सल के लिए अनाज मंडी लाया जा रहा है। गर्मी के कारण पहले भी कुछ बच्चों
की तबीयत खराब हो चुकी है। बुधवार को भी कुछ बच्चों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें
उनके अभिभावकों के साथ घर भेजना पड़ा था।
गुरुवार को भी बच्चों की परेशानी की सूचना अधिकारियों
तक पहुंची। इसके बाद एसडीएम राजेश खोथ मौके पर पहुंचे और रिहर्सल स्थल की व्यवस्थाओं
का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों और प्राचार्यों से नाराजगी जताते हुए बच्चों के
लिए आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां महत्वपूर्ण हैं, लेकिन बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य
से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।
उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल को भी मामले की जानकारी
दी गई है। उन्होंने समस्या का समाधान करवाने की बात कही। वहीं, सीटीएम हिमांशु चौहान
ने बताया कि रिहर्सल स्थल पर नागरिक अस्पताल की दो एंबुलेंस तैनात हैं। गर्मी के कारण
जिन बच्चों की तबीयत खराब हो रही है, उन्हें ओआरएस दिया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने
पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बच्चों को गर्मी से राहत देने
के लिए अतिरिक्त कूलर और पंखे लगाने का आश्वासन दिया।
करीब 750 बच्चों की मौजूदगी वाले इस रिहर्सल कार्यक्रम
में गर्मी और उमस के बीच पर्याप्त शीतलता की व्यवस्था नहीं होने को लेकर अब सवाल उठ
रहे हैं। अभिभावकों और शिक्षकों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को रिहर्सल
के लिए बुलाने से पहले पर्याप्त पेयजल, पंखे-कूलर, प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सहायता
की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की
तैयारियों में बच्चों की भागीदारी गर्व की बात है, लेकिन उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा
को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

