ऋषि-मुनियों के सिद्धांतों पर चलकर ही भारत बनेगा महान: कृष्ण लाल पंवार
पानीपत, 24 मई (हि.स.)। हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भू विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि विश्व में अगर अमन की स्थापना करनी है तो हमें संतों के बताए मार्ग पर चलते हुए जातिपाति के भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के सभी वर्गों के बच्चों को उच्च कोटि की आधुनिक शिक्षा देने के और अधिक अवसर उपलब्ध करवाने होंगे। वे शनिवार काे इसराना में महर्षि कश्यप जयंती समाराेह में बाेल रहे थे।
उन्हाेंने कहा कि युवा पीढ़ी को महर्षि कश्यप के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में फैली बुराईयों को मिटाने का और अधिक प्रयास करना चाहिए ताकि समाज में आपसी भाईचारे तथा मानवता की भावना को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी हमारे सभी ऋषि-मुनियों और संत महात्माओं की जयंती प्रदेश व जिला स्तर पर सरकारी तौर से मनाने का निर्णय लिया है। कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संतों से प्रेरणा लेकर कुछ न कुछ समाज के लिए अच्छा करना प्रत्येक समझदार व्यक्ति का कर्त्तव्य है। उन्होंने भारतीय संस्कृति में संत को उन्नायक के रूप में सबसे अधिक महत्त्व दिया। संतों का मार्ग दर्शन शासन तंत्र को भी जन हितैषी तथा लोक कल्याणकारी कार्यों में हमेशा तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारत संत महात्माओं और ऋषि-मुनियोंं की जन्म व कर्मस्थली है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

