हिसार : जिला स्तरीय रेड रन में दयानंद कॉलेज के अमित प्रथम, मनोज ने हासिल किया दूसरा स्थान
एचआईवी-एड्स जागरूकता के लिए आयोजित दौड़ में विद्यार्थियों ने दिखाया शानदार
प्रदर्शन
हिसार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिला एड्स नियंत्रण सोसायटी की ओर से आयोजित जिला
स्तरीय रेड रन में दयानंद महाविद्यालय, हिसार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन
करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बीएससी मेडिकल फाइनल ईयर के
छात्र अमित ने प्रथम तथा बीए फाइनल ईयर के छात्र मनोज ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
रेड रन का आयोजन एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को स्वस्थ
जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से किया गया। प्रतियोगिता
में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। दयानंद कॉलेज के
दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर महाविद्यालय में खुशी का माहौल रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विक्रमजीत सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते
हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां न केवल महाविद्यालय
का गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय
भागीदारी के लिए भी प्रेरित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी जागरूकता
एवं सामाजिक हित से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
रेड रिबन क्लब की प्रभारी डॉ. अर्चना मलिक ने सह-प्रभारी डॉ. शर्मिला गुनपाल,
प्रो. सुरजीत कौर तथा विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। उन्होंने अमित और मनोज के प्रदर्शन
की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी सफलताएं अन्य छात्रों को भी सामाजिक
जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

