home page

मनोहर लाल ने 2014 में सत्ता परिवर्तन से किया व्यवस्था परिवर्तन:हरविन्द्र कल्याण

 | 
मनोहर लाल ने 2014 में सत्ता परिवर्तन से किया व्यवस्था परिवर्तन:हरविन्द्र कल्याण


केंद्रीय मंत्री के जन्मदिन पर ‘राजनीति के संत-मनोहर लाल’ गीत का लोकार्पण

चंडीगढ़, 05 मई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि मनोहर लाल ने 2014 में हरियाणा की सत्ता में परिवर्तन के साथ व्यवस्था परिवर्तन की जो नींव रखी थी उसी के चलते आज सरकारी योजनाएं समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर उनके जीवन पर आधारित गीत ‘राजनीति के संत-मनोहर लाल’ का लोकार्पण करते हुए कही। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित थे। डॉ. नवीन लांबा द्वारा लिखित व नवीन पूनिया द्वारा गाया गया यह गीत एलएच फाउंडेशन द्वारा तैयार किया गया है। इस अवसर पर अतिथिगण द्वारा गीत का पोस्टर भी लॉन्च किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि उन्होंने 40 वर्ष के राजनीतिक जीवन में अनेक सरकारों को बदलते देखा, लेकिन 2014 में व्यवस्था परिवर्तन का सफर शुरू हुआ है। इस गाने के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि व्यक्ति का जीवन कैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 में जब केंद्र में नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मनोहर लाल ने सत्ता संभाली थी तब देश व प्रदेश की हालत अच्छी नहीं थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने के बाद मनोहर लाल ने ऑनलाइन ट्रांसफर की नीति को क्रियान्वित किया।

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक सफर में बहुत सरकारें बदलती देखी हैं और सरकारें बदली भी हैं, लेकिन 2014 में बनी भाजपा सरकार ने जिस प्रकार हरियाणा एक-हरियाणावी एक की भावना के साथ काम शुरू किया है उसका पूरा श्रेय मनोहर लाल को जाता है। 2014 से पहले लोग बच्चों की नौकरियों के लिए चंडीगढ़ के चक्कर लगाते रहते थे परंतु जब मनोहर लाल जी ने निष्पक्ष भर्ती नीति लागू की तो एक-एक गांव में गरीब घरों के सौ-सौ बच्चे नौकरियां लगे हैं। इसकी किसी को उम्मीद भी नहीं थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा