हिसार की बेटियों का एशियन गेम्स में जलवा, कबड्डी में मनीषा-निकिता ने दिलाया स्वर्ण
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से
हराया
हॉकी में दीपिका सहरावत के रिकॉर्ड नौ गोल से
भी चमका हिसार
हिसार, 26 सितंबर (हि.स.)। एशियन गेम्स-2026 में
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। फाइनल मुकाबले
में भारत ने ईरान को 37-34 से हराया। भारतीय टीम की इस स्वर्णिम जीत में हिसार जिले
की मनीषा रोहिल और निकिता कुमारी ने अहम भूमिका निभाई। वहीं हॉकी में हिसार से जुड़ी
दीपिका सहरावत के शानदार प्रदर्शन ने भी जिले की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच
पर पहचान दिलाई है।
जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला की मनीषा रोहिल
ने पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम के डिफेंस में लेफ्ट कवर की जिम्मेदारी संभाली।
फाइनल में भी उन्होंने मजबूत डिफेंस के दम पर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
किसान परिवार से आने वाली मनीषा ने गांव से ही कबड्डी खेलना शुरू किया था। वह राष्ट्रीय
चैंपियनशिप के अलावा चीन में आयोजित एशियाई कबड्डी प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत
चुकी हैं।
इसी तरह हसनगढ़ गांव की निकिता कुमारी भारतीय
महिला कबड्डी टीम में लेफ्ट रेडर की भूमिका निभा रही हैं। ईरान के खिलाफ ग्रुप मुकाबले
में उन्हें अंतिम समय में खेलने का मौका मिला था, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते
हुए टीम के लिए 10 महत्वपूर्ण अंक जुटाए। फाइनल मुकाबले में भी निकिता की भूमिका अहम
रही।
बेस्ट कैचर बनकर बाइक जीत चुकी हैं मनीषा
मनीषा की कबड्डी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से
लगाया जा सकता है कि जींद के बीबीपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में वह बेस्ट कैचर
का पुरस्कार जीत चुकी हैं। गांव के सरपंच बलजीत नंबरदार के अनुसार, प्रतियोगिता में
बेस्ट कैचर के लिए बाइक पुरस्कार रखा गया था, जिसे मनीषा ने अपने शानदार खेल के दम
पर हासिल किया था।
हॉकी में भी दीपिका ने चमकाया हिसार का नाम
एशियन गेम्स में हिसार से जुड़ी हॉकी खिलाड़ी
दीपिका सहरावत ने भी भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। रोहतक के
भैसरू खुर्द की मूल निवासी दीपिका का बचपन हिसार में बीता और वह हिसार के खेल परिसर
से जुड़ी रही हैं। एशियन गेम्स के शुरुआती मुकाबले में उन्होंने उज्बेकिस्तान के खिलाफ
आठ गोल किए। इसके बाद थाईलैंड के खिलाफ भारत की 20-1 की जीत में दीपिका ने अकेले नौ
गोल दागे। इस प्रदर्शन के साथ वह एशियन गेम्स के एक मुकाबले में नौ गोल करने वाली पहली
भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बनीं।
कबड्डी में मनीषा और निकिता के स्वर्णिम प्रदर्शन
तथा हॉकी में दीपिका के रिकॉर्ड गोल से हिसार और आसपास के क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं
ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान मजबूत की है। गांवों से निकलकर एशियन गेम्स तक
पहुंचीं इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह
का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

