home page

सिरसा: पुलिस ने बंबीहा गैंग से जुड़े एक आरोपी को किया गिरफ्तार

 | 
सिरसा: पुलिस ने बंबीहा गैंग से जुड़े एक आरोपी को किया गिरफ्तार


सिरसा, 21 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने पंजाब के आपराधिक गैंग बंबीहा से एक आरोपी को सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी सिरसा में हत्या प्रयास मामले में वांछित था। आरोपी के खिलाफ पंजाब व हरियाणा में करीब दस मामले दर्ज हैं। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने मंगलवार को बताया कि सिरसा जिले के गांव सुखचैन निवासी तरसेम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या करने के प्रयास का मामला दर्ज किया था। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने उस पर तीन फायर किए। जान बचाने के लिए वह भागकर ढाणी में घुस गया, वहां पर शोर सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए मामले में संलिप्त आरोपी रामबख्श को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या के प्रयास, लड़ाई-झगड़े और अवैध हथियार रखने से संबंधित मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में लगभग 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मानसा जिला के बुढलाडा थाना क्षेत्र में भी वह अवैध हथियारों के साथ पकड़ा जा चुका है।

आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह पंजाब के आपराधिक गिरोह बंबीहा ग्रुप के साथ जुड़ा हुआ है। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जो भी अन्य व्यक्ति इस घटनाक्रम में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma