सोनीपत: राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ट्रक की टक्कर से एक भाई की मौत
सोनीपत, 14 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर काली माता मंदिर, बड़ी गांव के पास शुक्रवार सुबह हुए
सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल
हो गया। दोनों भाई हरिद्वार से नोएडा की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद अज्ञात ट्रक चालक
मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर
दी है।
बरेली,
उत्तर प्रदेश निवासी विमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई कमल के साथ
मोटरसाइकिल से हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। मोटरसाइकिल विमल चला रहा था और कमल पीछे
बैठा था। जब वे जीटी रोड पर काली माता मंदिर, बड़ी गांव के पास पहुंचे तो
पास से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी मोटरसाइकिल
में टक्कर मार दी।
टक्कर
लगते ही दोनों भाई मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गए। दोनों के सिर में चोटें आईं। विमल
हादसे में बाल-बाल बच गया, जबकि कमल को गंभीर चोटें लगीं। राहगीरों की मदद से दोनों
को उपचार के लिए सोनीपत के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के
बाद कमल को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल
से सूचना मिलने पर एचएसआईआईडीसी थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के
भाई विमल से शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू की। शिकायत में विमल ने अज्ञात ट्रक चालक
पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस
ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार,
हादसे में शामिल ट्रक और चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य
माध्यमों से ट्रक चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की
भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार
पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

