home page

उत्तर प्रदेश के व्यक्ति का यमुनानगर रेलवे स्टेशन पर मिला शव

 | 
उत्तर प्रदेश के व्यक्ति का यमुनानगर रेलवे स्टेशन पर मिला शव


यमुनानगर, 28 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर,जगाधरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति का शव मिलने का समाचार है। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर एक यात्री ने व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल स्टेशन मास्टर को अवगत कराया। इसके बाद जीआरपी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस के माध्यम से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकीय परीक्षण में उसकी मृत्यु की पुष्टि हो गई। जांच के दौरान मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान जिला सुल्तानपुर उत्तरप्रदेश निवासी, 58 वर्षीय परमेश्वर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह दो संतानों का पिता था और यमुनानगर में एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत था। जीआरपी के जांच अधिकारी बोधराज ने बताया कि देर रात सूचना प्राप्त हुई थी कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के समीप एक व्यक्ति बेसुध पड़ा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ था और संभवतः अपने गृह जनपद लौटने के उद्देश्य से स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने से यह घटना हुई होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों के यमुनानगर पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार